Select Munshi Premchand Stories
कज़ाकी
मेरी बाल-स्मृतियों में 'कजाकी' एक न मिटनेवाला व्यक्ति है। आज चालीस साल गुजर गये, लेकिन कजाकी की मूर्ति अभी तक आँखों के सामने नाच रही है। मैं उन दिनों अपने पिता के साथ आजमगढ़ की एक तहसील में था। कजाकी जाति का पासी था, बड़ा ही हँसमुख, बड़ा ही साहसी, बड़ा ही जिंदा-दिल। वह रोज़ शाम को डाक का थैला लेकर आता, रात-भर रहता, और सबेरे डाक लेकर चला जाता। शाम को फिर उधर से डाक लेकर आ जाता। मैं दिन-भर एक उद्विग्न दशा में उसकी राह देखा करता, ज्यों ही चार बजते, व्याकुल होकर, सड़क पर आकर, खड़ा हो जाता, और थोड़ी देर में कजाकी कंधे पर बल्लम रखे, उसकी झुँझुनी बजाता, दूर से दौड़ता हुआ आता दिखलाई देता। वह साँवले रंग का गठीला, लम्बा जवान था। शरीर साँचे में ऐसा ढला हुआ कि चतुर मूर्तिकार भी उसमें कोई दोष न निकाल सकता। उसकी छोटी-छोटी मूछें उसके सुडौल चेहरे पर बहुत ही अच्छी मालूम होती थीं। मुझे देखकर वह और तेज़ दौड़ने लगता, उसकी झुँझुनी और ज़ोर से बजने लगती, और मेरे हृदय में और ज़ोर से खुशी की धड़कन होने लगती। हर्षातिरेक में मैं भी दौड़ पड़ता और एक क्षण में कजाकी का कन्धा मेरा सिंहासन बन जाता। वह स्थान मेरी अभिलाषाओं का स्वर्ग था। स्वर्ग के निवासियों को भी शायद वह आन्दोलित आनंद न मिलता होगा, जो मुझे कजाकी के विशाल कन्धों पर मिलता था। संसार मेरी आँखों में तुच्छ हो जाता और जब कजाकी मुझे कन्धे पर लिए दौड़ने लगता, तब तो ऐसा मालूम होता, मानो मैं हवा के घोड़े पर उड़ा जा रहा हूँ।
कज़ाकी
कजाकी डाकखाने में पहुँचता, तो पसीने से तर रहता; लेकिन आराम करने की आदत न थी। थैला रखते ही वह हम लोगों को लेकर किसी मैदान में निकल जाता, कभी हमारे साथ खेलता, कभी बिरहे गाकर सुनाता, और कभी कहानियाँ सुनाता। उसे चोरी और डाके, मार-पीट, भूत-प्रेत की सैकड़ों कहानियाँ याद थीं। मैं ये कहानियाँ सुनकर विस्मय-पूर्ण आनन्द में मग्न हो जाता। उसकी कहानियों के चोर और डाकू सच्चे योद्धा होते थे, जो अमीरों को लूटकर दीन-दुखी प्राणियों का पालन करते थे। मुझे उन पर घृणा के बदले श्रद्धा होती थी। २ एक दिन कजाकी को डाक का थैला लेकर आने में देर हो गई। सूर्यास्त हो गया और वह दिखलाई न दिया। मैं खोया हुआ-सा सड़क पर दूर तक आँखें फाड़ फाड़कर देखता था; पर वह परिचित रेखा न दिखलाई पड़ती थी। कान लगाकर सुनता था; पर 'झुन-झुन' की वह आमोदमय ध्वनि न सुनाई देती थी। प्रकाश के साथ मेरी आशा भी मलिन होती जाती थी। उधर से किसी को आते देखता, तो पूछता—कजाकी आता है! पर या तो कोई सुनता ही न था, या केवल सिर हिला देता था। सहसा 'झुन-झुन' की आवाज़ कानों में आई। मुझे अँधेरे में चारों ओर भूत ही दिखलाई देते थे, यहाँ तक कि माताजी के कमरे में ताक पर रखी हुई मिठाई भी, अँधेरा हो जाने के बाद, मेरे लिए त्याज्य हो जाती थी; लेकिन वह आवाज़ सुनते ही मैं उसकी तरफ जोर से दौड़ा। हाँ, वह कजाकी ही था। उसे देखते ही मेरी विकलता क्रोध में बदल गई। मैं उसे मारने लगा, फिर मान करके अलग खड़ा हो गया।
कज़ाकी
कजाकी ने हँसकर कहा—मारोगे, तो मैं एक चीज लाया हूँ, वह न दूँगा। मैंने साहस करके कहा—जाओ, मत देना, मैं लूँगा ही नहीं। कजाकी—अभी दिखा दूँ, तो दौड़कर गोद में उठा लोगे। मैंने पिघलकर कहा—अच्छा, दिखा दो। कजाकी—तो आकर मेरे कन्धे पर बैठ जाओ, भाग चलूँ। आज बहुत देर हो गई। बाबूजी बिगड़ रहे होंगे। मैंने अकड़कर कहा—पहिले दिखा। मेरी विजय हुई। अगर कजाकी को देर का डर न होता और वह एक मिनट भी और रुक सकता, तो शायद पासा पलट जाता। उसने कोई चीज दिखलाई, जिसे वह एक हाथ से छाती से चिपटाये हुए था; लम्बा मुँह था, और दो आँखें चमक रही थीं। मैंने दौड़कर उसे कजाकी की गोद से ले लिया। वह हिरन का बच्चा था। आह! मेरी उस खुशी का कौन अनुमान करेगा? तबसे कठिन परीक्षाएँ पास कीं, अच्छा पद भी पाया, रायबहादुर भी हुआ, पर वह खुशी फिर न हासिल हुई। मैं उसे गोद में लिये, उसके कोमल स्पर्श का आनन्द उठाता घर की ओर दौड़ा। कजाकी को आने में क्यों इतनी देर हुई, इसका खयाल ही न रहा। मैंने पूछा—यह कहाँ मिला कजाकी?
कज़ाकी
कजाकी—भैया, यहाँ से थोड़ी दूर पर एक छोटा-सा जंगल है। उसमें बहुत-से हिरन हैं। मेरा बहुत जी चाहता था कि कोई बच्चा मिल जाय, तो तुम्हें दूँ। आज यह बच्चा हिरनों के झुण्ड के साथ दिखलाई दिया। मैं झुण्ड की ओर दौड़ा, तो सब-के-सब भागे। यह बच्चा भी भागा, लेकिन मैंने पीछा न छोड़ा। और हिरन तो बहुत दूर निकल गये, यही पीछे रह गया। मैंने इसे पकड़ लिया। इसी से तो इतनी देर हुई। यों बातें करते हम दोनों डाकखाने पहुँचे। बाबूजी ने मुझे न देखा, हिरन के बच्चे को भी न देखा, कजाकी ही पर उनकी निगाह पड़ी। बिगड़कर बोले—आज इतनी देर कहाँ लगाई? अब थैला लेकर आया है, उसे लेकर क्या करूँ? डाक तो चली गई। बता, तूने इतनी देर कहाँ लगाई? कजाकी के मुँह से आवाज़ न निकली। बाबूजी ने कहा—तुझे शायद अब नौकरी नहीं करनी है। नीच है न, पेट भरा तो मोटा हो गया! जब भूखों मरने लगेगा, तो आँखें खुलेंगी। कजाकी चुपचाप खड़ा रहा। बाबूजी का क्रोध और बढ़ा। बोले—अच्छा, थैला रख दे और अपने घर की राह ले। सुअर, अब डाक लेके आया है! तेरा क्या बिगड़ेगा, जहाँ चाहेगा, मजूरी कर लेगा। माथे तो मेरे जायगी—जवाब तो मुझसे तलब होगा। कजाकी ने रुआँसे होकर कहा—सरकार, अब कभी देर न होगी! बाबूजी—आज क्यों देर की, इसका जवाब दे?
कज़ाकी
कजाकी के पास इसका कोई जवाब न था। आश्चर्य तो यह था कि मेरी ज़बान भी बन्द हो गई। बाबूजी बड़े गुस्सेवर थे। उन्हें काम बहुत करना पड़ता था, इसीसे बात-बात पर झुँझला पड़ते थे। मैं तो उनके सामने कभी आता ही न था। वह भी मुझे कभी प्यार न करते थे। घर में वह केवल दो बार घण्टे-घण्टे-भर के लिए भोजन करने आते थे; बाकी सारे दिन दफ्तर में लिखा करते थे। उन्होंने बार-बार एक सहकारी के लिए अफसरों से विनय की थी; पर इसका कुछ असर न हुआ था। यहाँ तक कि तातील के दिन भी बाबूजी दफ़्तर ही में रहते थे। केवल माताजी उनका क्रोध शान्त करना जानती थीं, पर वह दफ्तर में कैसे आतीं। बेचारा कजाकी उसी वक्त मेरे देखते-देखते निकाल दिया गया। उसका बल्लम, चपरास और साफा छीन लिया गया और उसे डाकखाने से निकल जाने का नादिरी हुक्म सुना दिया गया। आह! उस वक्त मेरा ऐसा जी चाहता था कि मेरे पास सोने की लङ्का होती, तो कजाकी को दे देता और बाबूजी को दिखा देता कि आपके निकाल देने से कजाकी का बाल भी बाँका नहीं हुआ। किसी योद्धा को अपनी तलवार पर जितना घमण्ड होता है, उतना ही घमण्ड कजाकी को अपनी चपरास पर था। जब वह चपरास खोलने लगा, तो उसके हाथ काँप रहे थे और आँखों से आँसू बह रहे थे। और इस सारे उपद्रव की जड़ वह कोमल वस्तु थी, जो मेरी गोद में मुँह छिपाये ऐसे चैन से बैठी हुई थी, मानो माता की गोद में हो। जब कजाकी चला, तो मैं भी धीरे-धीरे उसके पीछे-पीछे चला। मेरे घर के द्वार पर आकर कजाकी ने कहा—भैया, अब घर जाओ, साँझ हो गई।
कज़ाकी
मैं चुपचाप खड़ा अपने आँसुओं के वेग को सारी शक्ति से दबा रहा था। कजाकी फिर बोला—भैया, मैं कहीं बाहर थोड़े ही चला जाऊँगा। फिर आऊँगा और तुम्हें कन्धे पर बैठालकर कुदाऊँगा। बाबूजी ने नौकरी ले ली है, तो क्या इतना भी न करने देंगे! तुमको छोड़कर मैं कहीं न जाऊँगा, भैया! जाकर अम्माँ से कह दो, कजाकी जाता है। उसका कहा-सुना माफ करें। मैं दौड़ा हुआ घर गया; लेकिन अम्माँजी से कुछ कहने के बदले बिलख-बिलखकर रोने लगा। अम्माँजी रसोई से बाहर निकलकर पूछने लगीं—क्या हुआ बेटा? किसने मारा? बाबूजी ने कुछ कहा है? अच्छा, रह तो जाओ, आज घर आते हैं, तो पूछती हूँ। जब देखो, मेरे लड़के को मारा करते हैं। चुप रहो बेटा, अब तुम उनके पास कभी मत जाना। मैंने बड़ी मुश्किल से आवाज़ सँभालकर कहा—कजाकी… अम्माँ ने समझा, कजाकी ने मारा है; बोली—अच्छा, आने दो कजाकी को। देखो, खड़े-खड़े निकलवा देती हूँ। हरकारा होकर मेरे राजा बेटा को मारे! आज ही तो साफा, बल्लम, सब छिनवाये लेती हूँ। वाह! मैंने जल्दी से कहा—नहीं, कजाकी ने नहीं मारा। बाबूजी ने उसे निकाल दिया; उसका साफा, बल्लम छीन लिया—चपरास भी ले ली।
कज़ाकी
अम्माँ—यह तुम्हारे बाबूजी ने बहुत बुरा किया। वह बेचारा अपने काम में इतना चौकस रहता है। फिर उसे क्यों निकाला? मैंने कहा—आज उसे देर हो गई थी। यह कहकर मैंने हिरन के बच्चे को गोद से उतार दिया। घर में उसके भाग जाने का भय न था। अब तक अम्माँजी की निगाह भी उस पर न पड़ी थी। उसे फुदकते देखकर वह सहसा चौंक पड़ी और लपककर मेरा हाथ पकड़ लिया कि कहीं वह भयंकर जीव मुझे काट न खाय! मैं कहाँ तो फूट-फूटकर रो रहा था और कहाँ अम्माँजी की घबराहट देखकर खिलखिलाकर हँस पड़ा। अम्माँ—अरे, यह तो हिरन का बच्चा है! कहाँ मिला? मैंने हिरन के बच्चे का सारा इतिहास और उसका भीषण परिणाम आदि से अन्त तक कह सुनाया—अम्माँ, यह इतना तेज़ भागता था कि कोई दूसरा होता, तो पकड़ ही न सकता। सन्-सन्, हवा की तरह उड़ता चला जाता था। कजाकी पाँच-छ घण्टे तक इसके पीछे दौड़ता रहा। तब कहीं जाकर बच्चा मिले। अम्माँजी, कजाकी की तरह कोई दुनिया-भर में नहीं दौड़ सकता, इसी से तो देर हो गई। इसलिए बाबूजी ने बेचारे को निकाल दिया—चपरास, साफा, बल्लम, सब छीन लिया। अब बेचारा क्या करेगा? भूखों मर जायगा। अम्माँ ने पूछा—कहाँ है कजाकी, ज़रा उसे बुला तो लाओ। मैंने कहा—बाहर तो खड़ा है। कहता था, अम्माँजी से मेरा कहा-सुना माफ करवा देना।
कज़ाकी
अब तक अम्माँजी मेरे वृत्तान्त को दिल्लगी समझ रही थीं। शायद वह समझती थी कि बाबूजी ने कजाकी को डाँटा होगा, लेकिन मेरा अन्तिम वाक्य सुनकर संशय हुआ कि सचमुच तो कजाकी बरखास्त नहीं कर दिया गया। बाहर आकर 'कजाकी! कजाकी!' पुकारने लगी; पर कजाकी का कहीं पता न था। मैंने बारबार पुकारा; लेकिन कजाकी वहाँ न था। खाना तो मैंने खा लिया—बच्चे शोक में खाना नहीं छोड़ते, खासकर जब रबड़ी भी सामने हो; मगर बड़ी रात तक पड़े-पड़े सोचता रहा—मेरे पास रुपये होते, तो एक लाख रुपये कजाकी को दे देता और कहता—बाबूजी से कभी मत बोलना। बेचारा भूखों मर जायगा! देखूँ, कल आता है कि नहीं। अब क्या करेगा आकर? मगर आने को तो कह गया है। मैं कल उसे अपने साथ खाना खिलाऊँगा। यही हवाई क़िले बनाते-बनाते मुझे नींद आ गई। ३ दूसरे दिन मैं दिन-भर अपने हिरन के बच्चे के सेवा-सत्कार में व्यस्त रहा। पहले उसका नामकरण-संस्कार हुआ। 'मुन्नू' नाम रखा गया। फिर मैंने उसका अपने सब हमजोलियों और सहपाठियों से परिचय कराया। दिन ही भर में वह मुझसे इतना हिल गया कि मेरे पीछे-पीछे दौड़ने लगा। इतनी ही देर में मैंने उसे अपने जीवन में एक महत्त्व-पूर्ण स्थान दे दिया। अपने भविष्य में बननेवाले विशाल भवन में उसके लिए अलग कमरा बनाने का भी निश्चय कर लिया; चारपाई, सैर करने की फिटन आदि की भी आयोजना कर ली।
कज़ाकी
लेकिन संध्या होते ही मैं सब कुछ छोड़-छाड़कर सड़क पर जा खड़ा हुआ और कजाकी की बाट जोहने लगा। जानता था, कजाकी निकाल दिया गया है, अब उसे यहाँ आने की कोई ज़रूरत नहीं रही। फिर भी न-जाने क्यों मुझे यह आशा हो रही थी कि वह आ रहा है। एकाएक मुझे खयाल आया कि कजाकी भूखों मर रहा होगा। मैं तुरन्त घर आया। अम्माँ दिया-बत्ती कर रही थीं। मैंने चुपके से एक टोकरी में आटा निकाला, आटा हाथों में लपेटे, टोकरी से गिरते आटे की एक लकीर बनाता हुआ भागा। आकर सड़क पर खड़ा हुआ ही था कि कजाकी सामने से आता दिखलाई दिया। उसके पास बल्लम भी था, कमर में चपरास भी थी, सिर पर साफा भी बँधा हुआ था। बल्लम में डाक का थैला भी बँधा हुआ था। मैं दौड़कर उसकी कमर से चिपट गया और विस्मित होकर बोला—तुम्हें चपरास और बल्लम कहाँ से मिल गया, कजाकी? कजाकी ने मुझे उठाकर कन्धे पर बैठालते हुए कहा—वह चपरास किस काम की थी, भैया। वह तो गुलामी की चपरास थी, यह अपनी खुशी की चपरास है। पहले सरकार का नौकर था, अब तुम्हारा नौकर हूँ। यह कहते-कहते उसकी निगाह टोकरी पर पड़ी, जो वहीं रखी थी। बोला—यह आटा कैसा है, भैया? मैंने सकुचाते हुए कहा—तुम्हारे ही लिए तो लाया हूँ। तुम भूखे होगे, आज क्या खाया होगा?
कज़ाकी
कजाकी की आँखें तो मैं न देख सका, उसके कन्धे पर बैठा हुआ था, हाँ, उसकी आवाजसे मालूम हुआ कि उसका गला भर आया है। बोला—भैया, क्या रूखी रोटियाँ खाऊँगा! दाल, नमक, घी—और तो कुछ नहीं है। मैं अपनी भूलपर बहुत लज्जित हुआ। सच तो है, बेचारा रूखी रोटियाँ कैसे खायगा? लेकिन नमक, दाल, घी कैसे लाऊँ? अब तो अम्माँ चौके में होंगी। आटा लेकर तो किसी तरह भाग आया था (अभी तक मुझे न मालूम था कि मेरी चोरी पकड़ ली गई, आटेकी लकीर ने सुराग दे दिया है।) अब ये तीन-तीन चीजें कैसे लाऊँगा? अम्माँ से माँगूँगा, तो कभी न देंगी। एक-एक पैसेके लिए तो घंटों रुलाती हैं, इतनी सारी चीजें क्यों देने लगीं? एकाएक मुझे एक बात याद आई। मैंने अपनी किताबों के बस्ते में कई आने पैसे रख छोड़े थे। मुझे पैसे जमा करके रखने में बड़ा आनन्द आता था। मालूम नहीं, अब वह आदत क्यों बदल गई। अब भी वही हालत होती, तो शायद इतना फाकेमस्त न रहता। बाबूजी मुझे प्यार तो कभी न करते थे, पर पैसे खूब देते थे, शायद अपने काम में व्यस्त रहने के कारण, मुझसे पिंड छुड़ानेके लिए इसी नुस्खे को सबसे आसान समझते थे। इनकार करने में मेरे रोने और मचलने का भय था। इस बाधा को वह दूर ही से टाल देते थे। अम्माँजी का स्वभाव इससे ठीक प्रतिकूल था। उन्हें मेरे रोने और मचलने से किसी काममें बाधा पड़ने का भय न था।
कज़ाकी
आदमी लेटे-लेटे दिन-भर रोना सुन सकता है, हिसाब लगाते हुए ज़ोर की आवाज से भी ध्यान बँट जाता है। अम्माँ मुझे प्यार तो बहुत करती थी, पर पैसे का नाम सुनते ही उनकी त्योरियाँ बदल जाती थीं। मेरे पास किताबें न थीं, हाँ एक बस्ता था, जिसमें डाकखाने के दो-चार फार्म तह करके पुस्तक के रूप में रखे हुए थे। मैंने सोचा—दाल नमक और घी के लिए क्या उतने पैसे काफी न होंगे? मेरी तो मुट्ठी में नहीं आते। यह निश्चय करके मैंने कहा—अच्छा, मुझे उतार दो, तो मैं दाल और नमक ला दूँ, मगर रोज आया करोगे न। कजाकी—भैया, खाने को दोगे, तो क्यों न आऊँगा। मैंने कहा—मैं रोज खाने को दूँगा। कजाकी बोला—तो मैं भी रोज़ आऊँगा। मैं नीचे उतरा और दौड़कर अपनी सारी पूँजी उठा लाया। कजाकी को रोज बुलाने के लिए उस वक्त मेरे पास कोहनूर हीरा भी होता, तो उसकी भेंट करने में मुझे पसोपेश न होता। कजाकी ने विस्मित होकर पूछा—ये पैसे कहाँ पाये, भैया? मैंने गर्व से कहा—मेरे ही तो हैं। कजाकी—तुम्हारी अम्माँजी तुमको मारेंगी, कहेंगी—कजाकी ने फुसलाकर मँगवा लिए होंगे। भैया, इन पैसों की मिठाई ले लेना और आटा मटकेमें रख देना। मैं भूखों नहीं मरता। मेरे दो हाथ हैं। मैं भला भूखों मर सक्ता हूँ?
कज़ाकी
मैंने बहुत कहा कि पैसे मेरे हैं; लेकिन कजाकी ने न लिए। उसने बड़ी देर तक इधर-उधर की सैर कराई, गीत सुनाये और मुझे घर पहुँचाकर चला गया। मेरे द्वार पर आटे की टोकरी भी रख दी। मैंने घर में कदम रखा ही था कि अम्माँजीने डाँटकर कहा—क्यों रे चोर, तू आटा कहाँ ले गया था? अब चोरी करना सीखता है! बता किसको आटा दे आया, नहीं तो तेरी खाल उधेड़कर रख दूँगी। मेरी नानी मर गई। अम्माँ क्रोधमें सिंहिनी हो जाती थीं। सिटपिटाकर बोला—किसी को तो नहीं दिया। अम्माँ—तूने आटा नहीं निकाला? देख, कितना आटा सारे आँगन में बिखरा पड़ा है? मैं चुप खड़ा था। वह कितना ही धमकाती थीं, चुमकारती थीं, पर मेरी ज़बान न खुलती थी। आनेवाली विपत्ति के भय से प्राण सूख रहे थे। यहाँ तक कहने की हिम्मत न पड़ती थी कि बिगड़ती क्यों हो, आटा तो द्वार पर रखा हुआ है। न उठाकर लाते ही बनता था, मानो क्रिया-शक्ति ही लुप्त हो गई हो। मानो पैरों में हिलने की सामर्थ्य ही नहीं। सहसा कजाकी ने पुकारा—बहूजी, आटा यह द्वार पर रखा हुआ है। भैया मुझे देने को ले गये थे। यह सुनते ही अम्माँ द्वार की ओर चली गईं। कजाकी से वह परदा न करती थीं। उन्होंने कजाकी से कोई बात की या नहीं, यह तो मैं नहीं जानता; लेकिन अम्माँजी खाली टोकरी लिये हुए घर में आईं। फिर कोठरी में जाकर सन्दूक से कुछ निकाला और द्वार की ओर गईं। मैंने देखा—उनकी मुट्ठी बन्द थी। अब मुझसे वहाँ खड़े न रहा गया। अम्माँजी के पीछे-पीछे मैं भी गया। अम्माँ ने द्वार पर कई बार पुकारा, मगर कजाकी चला गया था।
कज़ाकी
मैंने बड़ी वीरता से कहा—मैं जाकर खोज लाऊँ, अम्माँजी। अम्माँजी ने किवाड़े बन्द करते हुए कहा—तुम अँधेरे में कहाँ जाओगे, अभी तो खड़ा था। मैंने कहा—यहीं रहना, मैं आती हूँ। तब तक न-जाने कहाँ खिसक गया। बड़ा संकोची है। आटा तो लेता ही न था। मैंने ज़बरदस्ती उसके अँगोछे में बाँध दिया। मुझे तो बेचारे पर बड़ी दया आती है। न-जाने बेचारे के घर में कुछ खाने को है कि नहीं। रुपए लाई थी कि दे दूँगी, पर न-जाने कहाँ चला गया। अब तो मुझे भी साहस हुआ। मैंने अपनी चोरी की पूरी कथा कह डाली। बच्चों के साथ समझदार बच्चे बनकर मा बाप उन पर जितना असर डाल सकते हैं, जितनी शिक्षा दे सकते हैं, उतने बूढ़े बनकर नहीं। अम्माँजी ने कहा—तुमने मुझसे पूछ क्यों न लिया? क्या मैं कजाकी को थोड़ा-सा आटा न देती? मैंने इसका कोई उत्तर न दिया। दिल में कहा—इस वक्त तुम्हें कजाकी पर दया आ गई है, जो चाहे दे डालो, लेकिन मैं माँगता, तो मारने दौड़तीं। हाँ, यह सोचकर चित्त प्रसन्न हुआ कि अब कजाकी भूखों न मरेगा। अम्माँजी उसे रोज़ खाने को देंगी और वह रोज़ मुझे कन्धे पर बिठाकर सैर करायेगा। दूसरे दिन मैं दिन-भर मुन्नू के साथ खेलता रहा। शाम को सड़क पर जाकर खड़ा हो गया। मगर अँधेरा हो गया और कजाकी का कहीं पता नहीं। दिये जल गये, रास्ते में सन्नाटा छा गया; पर कजाकी न आया। मैं रोता हुआ घर आया। अम्माँजी ने पूछा—क्यों रोते हो बेटा? क्या कजाकी नहीं आया? मैं और ज़ोर से रोने लगा। अम्माँजी ने मुझे छाती से लगा लिया, मुझे ऐसा मालूम हुआ कि उनका कंठ भी गद्गद् हो गया है।
कज़ाकी
उन्होंने कहा—बेटा, चुप हो जाओ। मैं कल किसी हरकारे को भेजकर कजाकी को बुलवाऊँगी। मैं रोते-ही-रोते सो गया। सबेरे ज्योंही आँख खुली, मैंने अम्माँजी से कहा—कजाकी को बुलवा दो। अम्मा ने कहा—आदमी गया है बेटा, कजाकी आता होगा। मैं खुश होकर खेलने लगा। मुझे मालूम था कि अम्माजी जो बात कहती हैं, उसे पूरा जरूर करती हैं। उन्होंने सबेरे ही एक हरकारे को भेज दिया था। दस बजे जब मैं मुन्नू को लिये हुए घर आया, तो मालूम हुआ कि कजाकी अपने घर पर नहीं मिला। वह रात को भी घर न गया था। उसकी स्त्री रो रही थी कि न-जाने कहाँ चले गये। उसे भय था कि वह कहीं भाग गया है। बालकों का हृदय कितना कोमल होता है, इसका अनुमान दूसरा नहीं कर सकता। उनमें अपने भावों को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं होते। उन्हें यह भी ज्ञात नहीं होता कि कौन-सी बात उन्हें विकल कर रही है, कौन-सा काँटा उनके हृदय में खटक रहा है, क्यों बार-बार उन्हें रोना आता है, क्यों वे मनमारे बैठे रहते हैं, खेलने में जी नहीं लगता? मेरी भी यही दशा थी। कभी घर में आता, कभी बाहर जाता, कभी सड़क पर जा पहुँचता। आँखें कजाकी को ढूँढ़ रही थीं। वह कहाँ चला गया? कहीं भाग तो नहीं गया! तीसरे पहर को मैं खोया हुआ-सा सड़क पर खड़ा था। सहसा मैंने कजाकी को एक गली में देखा। हाँ, वह कजाकी ही था। मैं उसकी ओर चिल्लाता हुआ दौड़ा, पर गली में उसका पता न था, न-जाने किधर ग़ायब हो गया। मैंने गली के इस सिरे से उस सिरे तक देखा, मगर कहीं कजाकी की गन्ध तक न मिली। घर आकर मैंने अम्माजी से यह बात कही। मुझे ऐसा जान पड़ा कि वह यह बात सुनकर बहुत चिन्तित हो गईं।
कज़ाकी
इसके बाद दो-तीन दिन तक कजाकी न दिखलाई दिया। मैं भी अब उसे कुछ-कुछ भूलने लगा। बच्चे पहले जितना प्रेम करते हैं, बाद को उतने ही निष्ठुर भी हो जाते हैं; जिस खिलौने पर प्राण देते हैं, उसी को दो-चार दिन के बाद पटककर फोड़ भी डालते हैं। दस-बारह दिन और बीत गये। दोपहर का समय था। बाबूजी खाना खा रहे थे। मैं मुन्नू के पैरों में पीनस की पैजनियाँ बाँध रहा था। एक औरत घूँघट निकाले हुए आई और आँगन में खड़ी हो गई। उसके कपड़े फटे हुए और मैले थे, पर गोरी, सुन्दर स्त्री थी। उसने मुझसे पूछा—भैया, बहूजी कहाँ हैं? मैंने उसके पास जाकर उसका मुँह देखते हुए कहा—तुम कौन हो, क्या बेचती हो? औरत—कुछ बेचती नहीं हूँ, तुम्हारे लिए ये कमलगट्टे लाई हूँ, भैया। तुम्हें तो कमलगट्टे बहुत अच्छे लगते हैं न? मैंने उसके हाथों से लटकती हुई पोटली को उत्सुक नेत्रों से देखकर पूछा—कहाँ से लाई हो? देखें। औरत—तुम्हारे हरकारे ने भेजा है भैया। मैंने उछलकर पूछा—कजाकी ने? औरत ने सिर हिलाकर 'हाँ' कहा और पोटली खोलने लगी। इतने में अम्माँजी भी रसोई से निकल आईं। उसने अम्मा के पैरों को स्पर्श किया। अम्मा ने पूछा—तू कजाकी की घरवाली है? औरत ने सिर झुका लिया। अम्मा—आजकल कजाकी क्या करता है? औरत ने रोकर कहा—बहूजी, जिस दिन से आपके पास से आटा लेकर गये हैं, उसी दिन से बीमार पड़े हैं। बस, भैया-भैया किया करते हैं। भैया ही में उनका मन बसा रहता है। चौंक-चौंककर भैया! भैया! कहते हुए द्वार की ओर दौड़ते हैं। न-जाने उन्हें क्या हो गया है, बहूजी! एक दिन मुझसे कुछ कहा न सुना, घर से चल दिये और एक गली में छिपकर भैया को देखते रहे। जब भैया ने उन्हें देख लिया, तो भागे।
कज़ाकी
तुम्हारे पास आते हुए लजाते हैं। मैंने कहा—हाँ-हाँ, मैंने उस दिन तुमसे जो कहा था, अम्माँजी! अम्मा—घर में कुछ खाने-पीने को है? औरत—हाँ बहूजी, तुम्हारे आसिरबाद से खाने-पीने का दुःख नहीं है। आज सबेरे उठे और तालाब की ओर चले गये। बहुत कहती रही, बाहर मत जाओ, हवा लग जायगी, मगर न माना! मारे कमज़ोरी के पैर काँपने लगते हैं, मगर तालाब में घुसकर ये कमलगट्टे तोड़ लाये। तब मुझसे कहा—ले जा, भैया को दे आ। उन्हें कमलगट्टे बहुत अच्छे लगते हैं। कुसलछेम पूछती आना। मैंने पोटली से कमलगट्टे निकाल लिये थे और मजे से चख रहा था। अम्मा ने बहुत आँखें दिखाईं; मगर यहाँ इतना सब्र कहाँ! अम्मा ने कहा—कह देना सब कुशल है। मैंने कहा—यह भी कह देना कि भैया ने बुलाया है। न जाओगे तो फिर तुमसे कभी न बोलेंगे, हाँ! बाबूजी खाना खाकर निकल आये थे। तौलिये से हाथ-मुँह पोंछते हुए बोले—और भी कह देना कि साहब ने तुमको बहाल कर दिया है। जल्दी जाओ, नहीं तो कोई दूसरा आदमी रख लिया जायगा। औरत ने अपना कपड़ा उठाया और चली गई। अम्मा ने बहुत पुकारा, पर वह न रुकी। शायद अम्माँजी उसे सीधा देना चाहती थीं। अम्माँ ने पूछा—सचमुच बहाल हो गया? बाबूजी—और क्या झूठे ही बुला रहा हूँ। मैंने तो पाँचवें ही दिन उसकी बहाली की रिपोर्ट की थी।
कज़ाकी
अम्मा—यह तुमने बहुत अच्छा किया। बाबूजी—उसकी बीमारी की यही दवा है। ४ प्रातःकाल मैं उठा, तो क्या देखता हूँ कि कजाकी लाठी टेकता हुआ चला आ रहा है। वह बहुत दुबला हो गया था। मालूम होता था, बूढ़ा हो गया है। हरा-भरा पेड़ सूखकर ठूँठा हो गया था। मैं उसकी ओर दौड़ा और उसकी कमर से चिमट गया। कजाकी ने मेरे गाल चूमे और मुझे उठाकर कन्धे पर बैठालने की चेष्टा करने लगा, पर मैं न उठ सका। तब वह जानवरों की भाँति भूमि पर हाथों और घुटनों के बल खड़ा हो गया और मैं उसकी पीठ पर सवार होकर डाकखाने की ओर चला। मैं उस वक्त फूला न समाता था और शायद कजाकी भी मुझसे भी ज्यादा खुश था। बाबूजी ने कहा—कजाकी, तुम बहाल हो गये। अब कभी देर न करना। कजाकी रोता हुआ पिताजी के पैरों पर गिर पड़ा, मगर शायद मेरे भाग्य में दोनों सुख भोगना न लिखा था—मुन्नू मिला, तो कजाकी छूटा, कजाकी आया, तो मुन्नू हाथ से गया और ऐसा गया कि आज तक उसके जाने का दुःख है। मुन्नू मेरी ही थाली में खाता था। जब तक मैं खाने न बैठूँ, वह भी कुछ न खाता था। उसे भात से बहुत ही रुचि थी, लेकिन जब तक खूब घी न पड़ा हो, उसे सन्तोष न होता था। वह मेरे ही साथ सोता भी था और मेरे ही साथ उठता भी। सफाई तो उसे इतनी पसन्द थी कि मल-मूत्र त्याग करने के लिए घर से बाहर मैदान में निकल जाता था, कुत्तों से उसे चिढ़ थी, कुत्तों को घर में न घुसने देता। कुत्ते को देखते ही थाली से उठ जाता और उसे दौड़ाकर घर से बाहर निकाल देता था।
कज़ाकी
कजाकी को डाकखाने में छोड़कर जब मैं खाना खाने गया, तो मुन्नू भी आ बैठा। अभी दो-चार ही कौर खाये थे कि एक बड़ा-सा झबरा कुत्ता आँगन में दिखाई दिया। मुन्नू उसे देखते ही दौड़ा। दूसरे घर में जाकर कुत्ता चूहा हो जाता है। झबरा कुत्ता उसे आते देखकर भागा। मुन्नू को अब लौट आना चाहिए था, मगर वह कुत्ता उसके लिए यमराज का दूत था। मुन्नू को उसे घर से निकालकर ही संतोष न हुआ। वह उसे घर से बाहर मैदान में भी दौड़ाने लगा। मुन्नू को शायद खयाल न रहा कि यहाँ मेरी अमलदारी नहीं है। वह उस क्षेत्र में पहुँच गया था, जहाँ झबरे का भी उतना ही अधिकार था, जितना मुन्नू का। मुन्नू कुत्तों को भगाते-भगाते कदाचित् अपने बाहुबल पर घमण्ड करने लगा था। वह यह न समझता था कि घर में उसकी पीठ पर घर के स्वामी का भय काम किया करता है। झबरे ने इस मैदान में आते ही उलटकर मुन्नू की गरदन दबा दी। बेचारे मुन्नू के मुँह से आवाज़ तक न निकली। जब पड़ोसियों ने शोर मचाया, तो मैं दौड़ा। देखा, तो मुन्नू मरा पड़ा है और झबरे का कहीं पता नहीं।