Select Munshi Premchand Stories
पंच परमेश्वर
१ जुम्मन शेख और अलगू चौधरीमें गाढ़ी मित्रता थी। साझेमें खेती होती थी। कुछ लेन-देनमें भी साझा था। एकको दूसरेपर अटल विश्वास था। जुम्मन जब हज करने गये थे तब अपना घर अलगूको सौंप गये थे और अलगू जब कभी बाहर जाते, तब जुम्मनपर अपना घर छोड़ देते थे। उनमें न खान-पानका व्यवहार था, न धर्मका नाता, केवल विचार मिलते थे। मित्रताका मूलमन्त्र भी यही है। इस मित्रताका जन्म उसी समय हुआ जब दोनों मित्र बालक ही थे और जुम्मनके पूज्य पिता जुमराती उन्हें शिक्षा प्रदान करते थे। अलगूने गुरुजीकी बहुत सेवा की—खूब रिकाबियाँ माँजी, खूब प्याले धोये। उनका हुक्का एक क्षणके लिये भी विश्राम न लेने पाता था, क्योंकि प्रत्येक चिलम अलगूको आध घण्टेतक किताबोंसे मुक्त कर देती थी। अलगूके पिता पुराने विचारोंके मनुष्य थे। शिक्षाकी अपेक्षा उन्हें गुरुकी सेवा-शुश्रूषापर अधिक विश्वास था। कहते थे कि विद्या पढ़नेसे नहीं आती, जो कुछ होता है गुरुके आशीर्वादसे होता है। बस, गुरुजीकी कृपा दृष्टि चाहिये। अतएव यदि अलगूपर जुमराती शेखके आशीर्वाद अथवा सत्संग का कुछ फल न हुआ तो वह यह मानकर सन्तोषकर लेगा कि विद्योपार्जनमें मैंने यथाशक्ति कोई बात उठा नहीं रखी, विद्या उसके भाग्य हीमें न थी तो कैसे आती?
पंच परमेश्वर
मगर जुमराती शेख स्वयं आशीर्वादके लायक न थे। उन्हें अपने सोटेपर अधिक भरोसा था और इसी सोटेके प्रतापसे, आज आसपासके गावोंमें जुम्मनकी पूजा होती थी। उनके लिखे हुए रिहननामे या बैनामेपर कचहरीका मुहर्रिर भी कलम न उठा सकता था। हल्केका डाकिया, कांस्टेबिल और तहसीलका चपरासी—सब उनकी कृपाकी आकांक्षा करते थे। अतएव अलगूका मान उनके धनके कारण था तो जुम्मन शेख अपनी अमोल विद्यासे ही सबके आदर-पात्र बने थे। २ जुम्मन शेखकी एक बूढ़ी खाला (मौसी) थी। उनके पास कुछ थोड़ी-सी मिलकियत थी। परन्तु उसके निकट सम्बन्धियोंमें कोई न था। जुम्मनने लम्बे-चौड़े वादे करके वह मिलकियत अपने नाम चढ़वा ली थी। जबतक दान-पत्रकी रजिस्टरी न हुई थी तबतक खाला जानका खूब आदर-सत्कार किया गया, उन्हें खूब स्वादिष्ट पदार्थ खिलाये गये। हलुवे-पुलावकी वर्षा सी की गई, पर रजिस्टरीकी मुहरने इन खातिरदारियोंपर भी मानो मुहर लगा दी। जुम्मनकी पत्नी करीमन रोटियोंके साथ कड़वी बातोंसे कुछ तेज तीखे सालन भी देने लगी। जुम्मन शेख भी निष्ठुर हो गये। अब बेचारी खाला-जानको प्रायः नित्य ही ऐसी बात सुननी पड़ती थी। बुढ़िया न जाने कबतक जियेगी। दो तीन बीघे ऊसर क्या दे दिया है मानो मोल ले लिया है। बघारी दालके बिना रोटियाँ नहीं उतरतीं। जितना रुपया इसके पेटमें झोंक चुके उतनेसे तो अबतक एक गांव मोल ले लेते।
पंच परमेश्वर
कुछ दिन खाला-जानने सुना और सहा, पर जब न सहा गया तब जुम्मनसे शिकायत की। जुम्मनने स्थानीय कर्मचारी—गृह-स्वामिनीके प्रबन्धमें दखल देना उचित न समझा। कुछ दिन तक और योंही रो-धोकर काम चलता रहा। अन्तमें एक दिन खालाने जुम्मनसे कहा, बेटा! तुम्हारे साथ मेरा निर्वाह न होगा। तुम मुझे रुपये दे दिया करो, मैं अपना अलग पका-खा लूँगी। जुम्मनने धृष्टताके साथ उत्तर दिया, रुपये क्या यहाँ फलते हैं? खालाने नम्रतासे कहा, मुझे कुछ रूखा-सूखा चाहिये भी कि नहीं? जुम्मनने गम्भीर स्वरसे जवाब दिया, तो कोई यह थोड़े समझता है कि मौतसे लड़कर आई हो? खाला बिगड़ गई। उन्होंने पंचायत करनेकी धमकी दी। जुम्मन हँसे, जिस तरह कोई शिकारी हिरनको जालकी तरफ जाते देखकर मन ही-मन हँसता है। वे बोले, हाँ जरूर पंचायत करो। फैसला हो जाय। मुझे भी यह रात दिनकी खटपट पसन्द नहीं। पंचायतमें किसकी जीत होगी, इस विषयमें जुम्मनको कुछ भी सन्देह न था। आस-पासके गांवमें ऐसा कौन था जो उनके अनुग्रहोंका ऋणी न हो? ऐसा कौन था जो उनको शत्रु बनानेका साहस कर सके? किसमें इतना बल था जो उनका सामना कर सके? आसमानके फरिश्ते तो पंचायत करने आवेंगे ही नहीं। ३ इसके बाद कई दिनतक बूढ़ी खाला हाथमें एक लकड़ी लिये आस-पासके गावोंमें दौड़ती रही। कमर झुक कर कमान हो गयी थी। एक-एक पग चलना दूभर था। मगर बात आ पड़ी थी। उसका निर्णय कराना जरूरी था।
पंच परमेश्वर
बिरला ही कोई भला आदमी होगा जिसके सामने बुढ़िया ने दुःखके आंसू न बहाये हों। किसीने तो योंही ऊपरी मन से हूँ-हाँ करके टाल दिया। किसीने इस अन्यायपर जमाने को गालियाँ दीं और कहा, कब्रमें पांव लटके हुए हैं, आज मरे कल दूसरा दिन हो, पर हवस नहीं मानती। अब तुम्हें क्या चाहिए? रोटी खाओ और अल्लाका नाम लो। तुम्हें खेती-बारीसे क्या काम? कुछ ऐसे सज्जन भी थे जिन्हें हास्यके रसास्वादनका अच्छा अवसर मिला। झुकी हुई कमर, पोपला मुँह, सनके-से बाल—जब इतनी सामग्रियां एकत्र हों तब हंसी क्यों न आवे? ऐसे न्याय-प्रिय, दयालु, दीनवत्सल पुरुष बहुत कम थे, जिन्होंने उस अबलाके दुखड़ेको गौरसे सुना हो और उसको सांत्वना दी हो। चारों ओरसे घूम-घामकर बेचारी अलगू चौधरी के पास आई। लाठी पटक दी और दम लेकर बोली, बेटा तुम भी दम भरके लिये मेरी पञ्चायतमें चले आना। अलगू—मुझे बुलाकर क्या करोगी? कई गाँव के आदमी तो आवेंगे ही। खाला—अपनी विपद तो सबके आगे रो आई हूँ आने न आनेका अख्तियार उनको है। अलगू—यों आने को मैं आ जाऊँगा, मगर पंचायतमें मुँह न खोलूँगा। खाला—क्यों बेटा? अलगू—अब इसका क्या जवाब दूँ? अपनी खुशी! जुम्मन मेरे पुराने मित्र हैं। उनसे बिगाड़ नहीं कर सकता।
पंच परमेश्वर
खाला—बेटा, क्या बिगाड़के डरसे ईमानकी बात न कहोगे? हमारे सोये हुए धर्म-ज्ञानकी सारी सम्पत्ति लुट जाय तो उसे खबर नहीं होता, परन्तु ललकार सुनकर वह सचेत हो जाता है। फिर उसे कोई जीत नहीं सकता। अलगू इस सवालका कोई उत्तर न दे सके। पर उनके हृदयमें यह शब्द गूंज रहे थे। 'क्या बिगाड़के भयसे ईमानकी बात न कहोगे?' ४ सन्ध्या समय एक पेड़के नीचे पंचायत बैठी। शेख जुम्मनने पहले ही से फर्श बिछा रक्खा था। उन्होंने पान, इलायची, हुक्के, तम्बाकू आदिका प्रबन्ध भी किया था। हां, वे स्वयं अलबत्ता अलगू चौधरीके साथ जरा दूर बैठे हुए थे। जब कोई पंचायतमें आ जाता था तब दबे हुए सलामसे उसका शुभागमन करते थे। जब सूर्य अस्त हो गया और चिड़ियोंकी कलरव युक्त पंचायत पेड़ोंपर बैठी तब यहाँ भी पंचायत आरम्भ हुई। फर्शकी एक-एक अंगुल जमीन भर गई, पर अधिकांश दर्शक ही थे। निमन्त्रित महाशयोंमेंसे केवल वही लोग पधारे थे जिन्हें जुम्मनसे अपनी कुछ कसर निकालनी थी। एक कोनेमें आग सुलग रही थी। नाई ताबड़तोड़ चिलम भर रहा था। यह निर्णय करना असम्भव था कि सुलगते हुए उपलोंसे अधिक धूआं निकलता था या चिलम के दमोंसे। लड़के इधर-उधर दौड़ रहे थे। कोई आपसमें गाली-गलौज करते और कोई रोते थे। चारों तरफ कोलाहल मच रहा था। गांवके कुत्ते इस जमावको भोज समझकर झुण्ड-के-झुण्ड जमा हो गये थे।
पंच परमेश्वर
पंच लोग बैठ गये तो बूढ़ी खालाने उनसे विनती की। "पंचो! आज तीन साल हुए मैंने अपनी सारी जायदाद अपने भानजेके नाम लिख दी थी। इसे आप लोग जानते ही होंगे। जुम्मनने मुझे हीनहयात रोटी-कपड़ा देना कबूल किया था। सालभर तो मैंने इसके साथ रो-धोकर काटे, पर अब रात दिन का रोना नहीं सहा जाता। मुझे न पेटभर रोटी मिलती है और न तनका कपड़ा। बेकस बेवा हूँ। कचहरी-दरबार कर नहीं सकती। तुम्हारे सिवाय और किसे अपना दुःख सुनाऊँ। तुम लोग जो राह निकाल दो उसी राहपर चलूँ। अगर मुझमें कोई ऐब देखो, मेरे मुँहपर थप्पड़ मारो। जुम्मनमें बुराई देखो तो उसे समझाओ। क्यों एक बेकसकी आह लेता है। पंचोंका हुक्म सर-माथेपर चढ़ाऊंगी।" रामधन मिश्र, जिनके कई असामियोंको जुम्मनने अपने गांवमें बसा लिया था, बोले, जुम्मन मियां! किसे पंच बदते हो? अभीसे इसका निपटारा कर लो। फिर जो कुछ पंच कहेंगे वही मानना पड़ेगा। जुम्मनको इस समय सदस्योंमें विशेषकर वही लोग दीख पड़े जिनसे किसी न किसी कारण उनका वैमनस्य था। जुम्मन बोले, पञ्चका हुक्म अल्लाहका हुक्म है। खालाजान जिसे चाहे बदें, मुझे कोई उज्र नहीं। खालाने चिल्लाकर कहा, अरे अल्लाहके बन्दे! पञ्चोंके नाम क्यों नहीं बता देता? कुछ मुझे भी तो मालूम हो! जुम्मनने क्रोधसे कहा, अब इस वक्त मेरा मुँह न खुलवाओ। तुम्हारी बन पड़ी है, जिसे चाहो पञ्च बदो।
पंच परमेश्वर
खालाजान जुम्मनके आक्षेपको समझ गई। वह बोली, बेटा! खुदासे डरो। पञ्च न किसीके दोस्त होते हैं न किसीके दुश्मन। कैसी बात कहते हो? और तुम्हारा किसीपर विश्वास न हो तो जाने दो, अलगू चौधरी को तो मानते हो? लो, मैं उन्हींको सरपञ्च बदती हूँ। जुम्मन शेख आनन्दसे फूल उठे, परन्तु भावोंको छिपाकर बोले अलगू चौधरी ही सही। मेरे लिये जैसे रामधन मिश्र वैसे अलगू। अलगू इस झमेलेमें फँसना नहीं चाहते थे। वे कन्नी काटने लगे। बोले, खाला! तुम जानती हो कि मेरी जुम्मनसे गाढ़ी दोस्ती है। खालाने गम्भीर स्वरसे कहा, बेटा! दोस्तीके लिये कोई अपना ईमान नहीं बेचता। पञ्चके दिलमें खुदा बसता है। पञ्चोंके मुहसे जो बात निकलती है वह खुदाकी तरफसे निकलती है। अलगू चौधरी सरपंच हुए। रामधन मिश्र और जुम्मनके दूसरे विरोधियोंने बुढ़ियाको मनमें बहुत कोसा। अलगू चौधरी बोले, शेख जुम्मन! हम और तुम पुराने दोस्त हैं। जब काम पड़ा, तुमने हमारी मदद की है और हम भी जो कुछ बन पड़ा, तुम्हारी सेवा करते रहे हैं। मगर इस समय तुम और बूढ़ी खाला दोनों हमारी निगाहमें बराबर हो। तुमको पंचोंसे जो कुछ अर्ज करना हो, करो। जुम्मन को पूरा विश्वास था कि अब बाजी मेरी है। अलगू यह सब दिखावेकी बातें कर रहा है, अतएव शांत-चित्त होकर बोले, पंचो! तीन साल हुए खालाजानने अपनी जायदाद मेरे नाम हिब्बा कर दी थी। मैंने उन्हें हीनहयात, खाना-कपड़ा देना कबूल किया था। खुदा गवाह है कि आजतक मैंने खालाजानको कोई तकलीफ नहीं दी। मैं उन्हें अपनी मांके समान, समझता हूँ।
पंच परमेश्वर
उनकी खिदमत करना मेरा फर्ज है, मगर औरतोंमें जरा अन-बन रहती है। इसमें मेरा क्या वश है? खालाजान मुझसे माहवार खर्च अलग मांगती हैं। जायदाद जितनी है वह पंचोंमें छिपी नहीं है। उसमें इतना मुनाफा नहीं होता कि मैं माहवार खर्च दे सकूँ। इसके अलावा हिब्बानामेमें माहवार खर्चका कोई जिक्र नहीं, नहीं तो मैं भूलकर भी इस झमेलेमें न पड़ता। बस, मुझे यही कहना है। आइन्दा पंचोंको अख्तियार है जो फैसला चाहें करें। अलगू चौधरी को हमेशा कचहरीसे काम पड़ता था, अतएव पूरा कानूनी आदमी था। उसने जुम्मनसे जिरह करनी आरम्भ की। एक-एक प्रश्न जुम्मनके हृदयपर हथौड़ीकी चोटकी तरह पड़ता था। रामधन मिश्र इन प्रश्नोंपर मुग्ध हुए जाते थे। जुम्मन चकित थे कि अलगूको क्या हो गया है? अभी यह मेरे साथ बैठा हुआ कैसी कैसी बातें कर रहा था। इतनी ही देर में ऐसी काया-पलट हो गई कि मेरी जड़ खोदने पर तुला हुआ है। न मालूम कबकी कसर यह निकाल रहा है? क्या इतने दिनोंकी दोस्ती कुछ भी काम न आयेगी? जुम्मन शेख इसी सङ्कल्प विकल्पमें पड़े हुए थे कि इतनेमें अलगूने फैसला सुनाया,— जुम्मन शेख! पञ्चोंने इस मामलेपर विचार किया। उन्हें यह नीति-संगत मालूम होता है कि खालाजान को माहवार खर्च दिया जाय। हमारा विचार है कि खालाकी जायदादसे इतना मुनाफा अवश्य होता है कि माहवार खर्च दिया जा सके। बस, यही हमारा फैसला है। अगर जुम्मनको खर्च देना मंजूर न हो तो हिब्बानामा रद्द समझा जाय।
पंच परमेश्वर
५ यह फैसला सुनते ही जुम्मन सन्नाटेमें आ गये। जो अपना मित्र हो वह शत्रुकासा व्यवहार करे और गलेपर छुरी फेरे! इसे समयके हेर फेरके सिवाय और क्या कहे? जिसपर पूरा भरोसा था उसने समय पड़नेपर धोखा दिया। ऐसे ही अवसरोंपर झूठे-सच्चे मित्रोंकी परीक्षा हो जाती है। यही कलियुगकी दोस्ती है! अगर लोग ऐसे कपटी, धोखेबाज न होते तो देशमें आपत्तियोंका प्रकोप क्यों होता? यह हैजा, प्लेग आदि व्याधियाँ दुष्कर्मों के दण्ड हैं। मगर रामधन मिश्र और अन्य पञ्च अलगू चौधरीकी इस नीति परायणताकी प्रशंसा जी खोलकर कर रहे थे। वे कहते थे, इसीका नाम पंचायत है। दूधका दूध और पानीका पानी कर दिया। दोस्ती दोस्तीकी जगह है, किन्तु धर्मका पालन करना मुख्य है। ऐसे ही सत्यवादियोंके बल पृथ्वी ठहरी है, नहीं तो वह कबकी रसातलको चली जाती। इस फैसलेने अलगू और जुम्मनकी दोस्तीकी जड़ हिला दी। अब वे साथ साथ बातें करते नहीं दिखाई देते। इतना पुराना मित्रतारूपी वृक्ष सत्यका एक हल्का झोंका भी न सह सका। सचमुच वह बालूहीकी जमीनपर खड़ा था। उनमें अब शिष्टाचारका अधिक व्यवहार होने लगा। एक दूसरेकी आव-भगत ज्यादा करने लगे। वे मिलते-जुलते थे, मगर उसी तरह जैसे तलवारसे ढाल मिलती है। जुम्मनके चित्तमें मित्रकी कुटिलता आठों पहर खटका करती थी। उसे हर घड़ी यह चिन्ता रहती थी कि किसी तरह बदला लेनेका अवसर मिले।
पंच परमेश्वर
६ अच्छे कामोंकी सिद्धिमें बड़ी देर लगती है, पर बुरे कामोंकी सिद्धिमें यह बात नहीं। जुम्मनको भी बदला लेनेका अवसर जल्दी मिल गया। पिछले साल अलगू चौधरी बटेसरसे बैलोंकी एक बहुत अच्छी जोड़ी मोल लाये थे। बैल पछाहीं जातिके सुन्दर, बड़ी-बड़ी सींगोंवाले। महीनोंतक आस पासके गावोंके लोग उनके दर्शन करते रहे। दैवयोगसे जुम्मनकी पंचायतके एक महीने बाद इस जोड़ीका एक बैल मर गया। जुम्मनने दोस्तोंसे कहा, यह दगाबाजीकी सजा है। इन्सान सब भले ही कर जाय, पर खुदा नेक बद सब देखता है। अलगूको सन्देह हुआ कि जुम्मनने बैलको विष दिला दिया है। चौधराइनने भी जुम्मनपर ही इस दुर्घटनाका दोषारोपण किया। उसने कहा, जुम्मनने कुछ कर करा दिया है। चौधराइन और करीमनमें इस विषयपर एक दिन खूब ही वाद विवाद हुआ। दोनों देवियोंने शब्द बाहुल्यकी नदी बहा दी। व्यङ्ग, वक्रोक्ति, अन्योक्ति और उपमा आदि अलङ्कारोंमें बातें हुईं। जुम्मनने किसी तरह शान्ति स्थापित की। उसने अपनी पत्नीको डाँट डपटकर समझा दिया। वे उसे उस रणभूमिसे हटा भी ले गये। उधर अलगू चौधरीने समझाने बुझानेका काम अपने तर्कपूर्ण सोटेसे लिया। अब अकेला बैल किस कामका? उसका जोड़ा बहुत ढूँढ़ा गया, पर न मिला। निदान यह सलाह ठहरी कि इसे बेच डालना चाहिये। गांवमें एक समझू साहु थे, वे इक्का-गाड़ी हांकते थे। गांवसे गुड़, घी लादकर वे मण्डी ले जाते, मण्डीसे तेल, नमक भर लाते और गांवमें बेचते। इस बैलपर उनका मन लहराया।
पंच परमेश्वर
उन्होंने सोचा, यह बैल हाथ लगे तो दिन भरमें बेखटके तीन खेपें हों। आजकल तो एक ही खेपके लाले पड़े रहते हैं। बैल देखा, गाड़ीमें दौड़ाया, बाल-भौरीकी पहचान कराई, मोल-तोल किया और उसे लाकर द्वारपर बांध ही दिया। एक महीनेमें दाम चुकानेका वादा ठहरा। चौधरीको भी गरज थी ही, घाटेकी परवाह न की। समझू साहुने नया बैल पाया तो लगे रगेदने। वे दिनमें तीन तीन, चार चार खेपें करने लगे। न चारेकी फिक्र थी, न पानीकी। बस, खेपोंसे काम था। मंडी ले गये, वहां कुछ सूखा भूसा सामने डाल दिया। बेचारा जानवर अभी दम भी न लेने पाया था कि फिर जोत दिया। अलगू चौधरीके घर थे तो चैनकी वंशी बजती थी। छठे छमासे कभी बहलीमें जोते जाते, तब खूब उछलते कूदते और कोसोंतक दौड़ते जाते थे। वहाँ बैलराजको रातिब, साफ पानी, दली हुई अरहरकी दाल और भूसेके साथ खली और यही नहीं, कभी-कभी घीका स्वाद भी चखनेको मिल जाता था। शाम-सवेरे एक आदमी खरहरे करता, पोंछता और सुहलाता था। कहाँ वह सुख-चैन, कहाँ यह आठों पहरकी खपन। महीने भरमें ही वह पिस-सा गया। इक्केका जुवा देखते ही उसका लोहू सूख जाता था। एक-एक पग चलना दूभर था। हड्डियां निकल आई थीं, पर था वह पानीदार, मारकी सहन न थी।
पंच परमेश्वर
एक दिन चौथे खेपमें साहुजीने दूना बोझ लादा। दिन भरका थका जानवर, पैर न उठते थे। उसपर साहुजी कोड़े फटकारने लगे। बस, फिर क्या था, बैल कलेजा तोड़कर चला। वह कुछ दूर दौड़ा और चाहा कि जरा दम ले लूँ पर साहुजीको जल्द घर पहुँचनेकी फिक्र थी। अतएव उन्होंने कई कोड़े बड़ी निर्दयतासे फटकारे। बैलने एक बार फिर जोर लगाया। पर अबकी बार शक्तिने जवाब दिया। वह धरतीपर गिर पड़ा और ऐसा गिरा कि फिर न उठा। साहुजीने बहुत पीटा, टांग पकड़ कर खींचा, नथुनोंमें लकड़ी ठूँस दी। पर कहीं मृतक भी उठ सकता है? तब साहुजीको कुछ शङ्का हुई। उन्होंने बैलको गौरसे देखा, खोलकर अलग किया और सोचने लगे कि गाड़ी कैसे घर पहुँचे। वे बहुत चीखे-चिल्लाये, पर देहातका रास्ता, बच्चोंकी आंखोंकी तरह सांझ होते ही बन्द हो जाता है, कोई नजर न आया। आसपास कोई गांव भी न था। मारे क्रोधके उन्होंने मरे हुए बैलपर और दुर्रे लगाये और कोसने लगे, अभागे! तुम्हें मरना ही था तो घर पहुँचकर मरता। ससुरा बीच रास्तेमें ही मर रहा! अब गाड़ी कौन खींचे? इस तरह साहुजी खूब जले-भुने। कई बोरे गुड़ और कई पीपे घी उन्होंने बेचे थे, दो ढाई सौ रुपये कमरमें बँधे थे। इसके सिवाय गाड़ीपर कई बोरे नमकके थे। अतएव छोड़कर जा भी न सकते थे। लाचार बेचारे गाड़ी पर ही लेट गये। वहीं रतजगा करनेकी ठान ली। चिलम पी, गाया, फिर हुक्का पिया।
पंच परमेश्वर
इस तरह साहुजी आधी राततक नींदको बहलाते रहे, अपनी जानमें तो वे जागते ही रहे। पर पौ फटते ही जो नींद टूटी और कमरपर हाथ रक्खा तो थैली गायब! घबराकर इधर-उधर देखा तो कई कनस्तर तेल भी नदारद! अफसोसमें बेचारा सिर पीटने लगा और पछाड़ खाने लगा, प्रातःकाल रोते-बिलखते घर पहुँचा। सहुआइनने जब यह बुरी सुनावनी सुनीं तब पहले रोई, फिर अलगू चौधरीको गालियां देने लगीं, निगोड़ेने ऐसा कुलच्छना बैल दिया कि जन्मभरकी कमाई लुट गयी। इस घटनाको हुए कई महीने बीत गये। अलगू जब अपने बैलके दाम मांगते तब साहु और सहुआइन दोनों ही झल्लाये हुए कुत्तोंकी तरह चढ़ बैठते और अड्ड बड्ड बकने लगते, वाह! यहाँ तो सारे जन्मकी कमाई लुट गई, सत्यानाश हो गया, इन्हें दामोंकी पड़ी है। मुर्दा बैल दिया था, उसपर दाम मांगने चले हैं। आंखोंमें धूल झोंक दी, सत्यानाशी बैल गले बांध दिया, हमें निरा पोंगा ही समझ लिया। हम भी बनियेके बच्चे हैं, ऐसे बुद्धू कहीं और होंगे। पहले जाकर किसी गड़हेमें मुह धो आओ तब दाम लेना, जी न मानता हो तो हमारा बैल खोल ले जाओ। महीना भरके बदले दो महीना जोत लो। रुपया क्या लोगे?
पंच परमेश्वर
चौधरीके अशुभचिन्तकोंकी कमी न थी। ऐसे अवसरोंपर वे भी एकत्र हो जाते और साहुजीके बर्रानेकी पुष्टि करते। इस तरह फटकारे सुनकर बेचारे चौधरी अपना-सा मुँह लेकर लौट आते, परन्तु डेढ़ सौ रुपयेसे इस तरह हाथ धो लेना आसान न था। एक बार वे भी गरम पड़े। साहुजी बिगड़कर लाठी ढूंढने घर चले गये। अब सहुआइनजीने मैदान लिया। प्रश्नोत्तर होते-होते हाथापाईकी नौबत आ पहुँची। सहुआइनने घरमें घुसकर किवाड़ बन्द कर लिये। शोरगुल सुनकर गांवके भलेमानुस जमा हो गये। उन्होंने दोनोंको समझाया। साहुजीको दिलासा देकर घरसे निकाला। वे परामर्श देने लगे कि इस तरह सिर फुड़ौवलसे काम न चलेगा। पंचायत करा लो। कुछ तै हो जाय उसे स्वीकार कर लो। साहुजी राजी हो गये। अलगूने भी हामी भर ली। ७ पंचायतकी तैयारियां होने लगीं। दोनों पक्षोंने अपने-अपने दल बनाने शुरू किये। इसके बाद तीसरे दिन उसी वृक्षके नीचे फिर पंचायत बैठी। वही सन्ध्याका समय था। खेतोंमें कौवे पंचायत कर रहे थे। विवादग्रस्त विषय यह था कि मटरकी फलियोंपर उनका स्वत्व है या नहीं और जबतक यह प्रश्न हल न हो जाय तबतक वे रखवालेकी पुकारपर अपनी अप्रसन्नता प्रकट करना आवश्यक समझते थे। पेड़की डालियोंपर बैठी शुकमंडलीमें यह प्रश्न छिड़ा हुआ था कि मनुष्यको उन्हें बेमुरौवत कहनेका क्या अधिकार है, जब उसे स्वयं अपने मित्रोंको दगा देनेमें भी संकोच नहीं होता।
पंच परमेश्वर
पंचायत बैठ गई तो रामधन मिश्रने कहा, अब देरी क्यों? पंचोंका चुनाव हो जाना चाहिये। बोलो चौधरी, किस किसको पंच बदते हो? अलगूने दीनभावसे कहा, समझू साहु ही चुन लें। समझू खड़े हुए और कड़ककर बोले, मेरी ओरसे जुम्मन शेख। जुम्मनका नाम सुनते ही अलगू चौधरीका कलेजा धक धक करने लगा, मानो किसीने अचानक थप्पड़ मार दिया हो। रामधन अलगूके मित्र थे। वे बातको ताड़ गये। पूछा, क्यों चौधरी तुम्हें कोई उज्र तो नहीं? चौधरीने निराश होकर कहा, नहीं, मुझे क्या उज्र होगा? × × × × अपने उत्तरदायित्त्वका ज्ञान बहुधा हमारे संकुचित व्यवहारोंका सुधार होता है। जब हम राह भूलकर भटकने लगते हैं तब यही ज्ञान हमारा विश्वसनीय पथ दर्शक बन जाता है। पत्र-सम्पादक अपनी शान्ति कुटीरमें बैठा हुआ कितनी धृष्टता और स्वतन्त्रताके साथ अपनी प्रबल लेखनीसे मन्त्रि-मण्डलपर आक्रमण करता है, परन्तु ऐसे अवसर भी आते हैं जब वह स्वयं मन्त्रिमण्डलमें सम्मिलित होता है। मण्डलके भवनमें पग धरते ही उसकी लेखनी कितनी मर्मज्ञ, कितनी विचारशील, कितनी न्याय-परायण हो जाती है, इसका कारण उत्तरदायित्वका ज्ञान है। नवयुवक युवावस्थामें कितना उद्दण्ड रहता है। माता-पिता उसकी ओर से कितने चिन्तित रहते हैं। वे उसे कुल-कलङ्क समझते हैं, परन्तु थोड़े ही समयमें परिवारका बोझ सिरपर पड़ते ही वही अव्यवस्थित-चित्त उन्मत्त युवक कितना धैर्यशील, कैसा शान्त-चित्त हो जाता है यह भी उत्तरदायित्वके ज्ञानका ही फल है।
पंच परमेश्वर
जुम्मन शेखके मनमें भी सरपंचका उच्चस्थान ग्रहण करते ही अपनी जिम्मेदारीका भाव पैदा हुआ। उसने सोचा, मैं इस वक्त न्याय और धर्मके सर्वोच्च आसनपर बैठा हूँ। मेरे मुहसे इस समय जो कुछ निकलेगा वह देववाणीके सदृश है और देववाणीमें मेरे मनोविकारोंका कदापि समावेश न होना चाहिये। मुझे सत्यसे जौ भर टलना उचित नहीं। पञ्चोंने दोनों पक्षोंसे सवाल-जवाब करने शुरू किये। बहुत देरतक दोनों दल अपने-अपने पक्षका समर्थन करते रहे। इस विषयमें तो सब सहमत थे कि समझूको बैलका मूल्य देना चाहिये, परन्तु दो महाशय इस कारण रियायत करना चाहते थे कि बैलके मर जानेसे समझूको हानि हुई। इसके प्रतिकूल दो सभ्य मूल्यके अतिरिक्त समझूको कुछ दण्ड भी देना चाहते थे, जिससे फिर किसीको पशुओंके साथ ऐसी निर्दयता करनेका साहस न हो। अन्तमें जुम्मनने फैसला सुनाया, अलगू चौधरी और समझू साहु! पञ्चोंने तुम्हारे मुआमलेपर अच्छी तरह विचार किया। समझूको उचित है कि बैलका पूरा दाम दे। जिस वक्त उन्होंने बैल लिया, उसे कोई बीमारी न थी। अगर उसी समय दाम दे दिया जाता तो आज समझू उसे फेर लेनेका आग्रह न करते। बैलकी मृत्यु केवल इस कारण हुई कि उससे बड़ा कठिन परिश्रम कराया गया और उसके दाने-चारेका कोई अच्छा प्रबन्ध न किया गया।
पंच परमेश्वर
रामधन मिश्र बोले, समझूने बैलको जान बूझकर मारा है। अतएव उनसे दण्ड लेना चाहिये। जुम्मन बोले, यह दूसरा सवाल है। हमको इससे कोई मतलब नहीं। झगड़ू साहुने कहा, समझूके साथ कुछ रियायत होनी चाहिये। जुम्मन बोले, यह अलगू चौधरीकी इच्छापर है। वे रियायत करें तो उनकी भलमनसी है। अलगू चौधरी फूले न समाये। उठ खड़े हुए और जोरसे बोले, पंच परमेश्वरकी जय! चारों ओरसे प्रतिध्वनि हुई—पंच परमेश्वरकी जय! प्रत्येक मनुष्य जुम्मनकी नीतिको सराहता था—इसे कहते हैं न्याय! यह मनुष्यका काम नहीं, पंचमें परमेश्वर वास करते हैं। यह उन्हींकी महिमा है। पंचके सामने खोटेको कौन खरा कर सकता है? थोड़ी देर बाद जुम्मन अलगूके पास आये और उनके गले लिपटकर बोले, भैया जबसे तुमने मेरी पंचायत की, तबसे मैं तुम्हारा प्राणघातक शत्रु बन गया था पर आज मुझे ज्ञात हुआ कि पंचके पदपर बैठकर न कोई किसीका दोस्त होता है न दुश्मन। न्यायके सिवा उसे और कुछ नहीं सूझता। आज मुझे विश्वास हो गया कि पंचकी जबानसे खुदा बोलता है। अलगू रोने लगे। इस पानीसे दोनोंके दिलोंकी मैल धुल गई। मित्रताकी मुरझाई लता फिर हरी हो गई।